आगरा जनपद के पिनाहट क्षेत्र स्थित भदरौली सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। तेज धूप के कारण बेकाबू हुई लपटों की जद में आने से पूरी सब्जी मंडी राख के ढेर में बदल गई। आग से करीब 35 दुकानें जली हैं। 30 से 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आसपास के सैंकड़ों लोग, दुकानदार और दमकलकर्मी घंटों जूझने के बाद आग पर काबू पा सके।
आगरा-इटावा मार्ग पर भदरौली में स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लग गई। सब्जी विक्रेता बाबूराम और केदार की दुकान से उठती लपटें देख कोई कुछ समझ पाता। इससे पहले तेज धूप के कारण लपटें आसमान चूमने लगीं।
यही नहीं लकड़ी के पटरे से दुकानें बनी होने के कारण एक-एक बाद एक दुकानें आग की जद में आने लगी। इससे पूरी सब्जी मंडी में कोहराम मच गया। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक-एक बाद एक करीब 35 दुकान आग की चपेट में आने से जल गई।