कासगंज जनपद के सहावर थाना क्षेत्र के गांव धनसिंहपुर में झोंपड़ी में आग लगने से दो साल की मासूम जिंदा जल गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त घर में कोई नहीं था। पिता मजदूरी करने गया था जबकि मां इस मासूम को सोता छोड़ कच्चे मकान का दरवाजा बंद कर अपने चार बच्चों के साथ समीप के ही गांव में गई थी। तेज लपटें देख ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
गांव धनसिंहपुर निवासी संजय वाल्मीकि गरीब है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। सोमवार सुबह वह मजदूरी करने कस्बा सहावर में एक पेट्रोल पंप पर गया था। दोपहर लगभग 12 बजे उसके कच्चे मकान की झोंपड़ी में धुएं के गुबार संग आग की तेज लपटें उठने लगीं।
कच्चे मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। ग्रामीणों ने आग लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी देर बाद आग बुझाई जा सकी। आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने देखा कि दो साल की मासूम मोनिका की जिंदा जलकर मौत हो गई थी।