आगरा में थाना कोतवाली के हींग की मंडी बाजार स्थित टीला मोहल्ले में मंगलवार सुबह मोमबत्ती कारखाना में आग लग गई। आग लगता देखकर मजदूर बाहर भाग गए। इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। तकरीबन आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। अग्निकांड में 50 हजार का सामान जल गया।
हींग की मंडी निवासी शांतनु का घर के पास ही 50 वर्ग मीटर के दो मंजिला भवन में मोमबत्ती का कारखाना है। दिवाली की तैयारी को लेकर बड़े स्तर पर मोमबत्ती बनाई जा रही हैं। भूतल पर कारखाना है, जबकि पहली मंजिल पर मजदूरों के रहने के लिए कमरे बने हैं। मंगलवार सुबह नौ बजे कारखाना में चार मजदूर काम कर रहे थे। तभी आग लग गई।
यह देखकर मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैल गई। इससे अफरातफरी मच गई। पहली मंजिल पर मौजूद मजदूर पड़ोसियों के घर से कूदकर भाग खड़े हुए। आसपास के लोग भी घरों से बाहर आ गए।
ये भी पढ़ें- आगराः छह माह बाद शुरू हुआ तहसील दिवस, डीएम और एसएसपी ने सुनीं समस्याएं
सूचना पर दमकल और कोतवाली पुलिस पहुंच गई। मगर, गली संकरी होने की वजह से दिक्कत का सामना करना पड़ा। तकरीबन आधा घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। अग्निशमन अधिकारी वीपी त्रिपाठी ने बताया कि आग शार्ट सर्किट से लगना बताया गया है। जांच की जा रही है। 50 हजार के नुकसान की बात कही गई है। गली में कारखाना चल रहा था।