बस चालक ने तत्परता से ब्रेक लगा दिए, जिसके बाद तेजी से बस में सवार लोग बाहर निकलने लगे। इस दौरान कुछ सवारियों ने बस की शीशे तोड़कर उससे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
वाटर वर्क्स पर रविवार शाम को सवारियों को बैठाते समय मैनपुरी डिपो की बस में चिंगारी उठने के बाद आग लग गई। बचने के लिए लोग खिड़कियों से कूदने लगे। कुछ ने बस के पिछले हिस्से में लगे शीशे को तोड़ा और बाहर आए। बाद में किसी तरह आग पर चालक और परिचालक ने काबू कर लिया। पुलिस पहुंची तब तक आग पूरी तरह से बुझ चुकी थी।
विज्ञापन
घटना शाम तकरीबन 7:15 बजे की है। थानाध्यक्ष कमला नगर विपिन गौतम ने बताया कि मैनपुरी डिपो की बस वाटर वर्क्स से 50 मीटर आगे खड़ी थी। कुछ सवारियां बैठी थीं तो कुछ को बैठाने के लिए परिचालक आवाज दे रहा था। तभी बस को चलाने के लिए चालक ने सेल्फ लगाया। इंजन से चिंगारी निकली और लपटें उठने लगीं। चालक और परिचालक घबरा गए। उन्होंने शोर मचा दिया।
इस पर बस में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोग दरवाजे से निकल गए तो कुछ ने खिड़कियों से कूदना शुरू कर दिया। बस के पिछले हिस्से में लगे शीशे को तोड़कर लोग कूद गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तब तक बस खाली हो चुकी थी। चालक और परिचालक ने इंजन में लगी आग को काबू कर लिया था।