कासगंज में ट्रेन की बोगी में आग लगने से जली सीट।
कासगंज। भरतपुर से कासगंज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी की सीट में अचानक आग लग गई। इसकी जानकारी हाेते ही स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने तत्काल आग बुझाई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और उस समय बोगी से सवारियां पहले ही उतर कर जा चुकी थीं। दरअसल, ट्रेन संख्या 55338 भरतपुर-कासगंज पैसेंजर ट्रेन शनिवार की सुबह 10:45 बजे कासगंज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी। यात्री उतर कर जा चुके थे। इस बीच करीब 11:03 बजे ट्रेन की बोगी में अचानक धुआं उठने लगा। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और वेंडरों ने आग लगने की सूचना रेलवे कर्मियों को दी। बोगी की सीट में आग की लपटें उठने के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरा मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मी मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ के सुरक्षा दस्ते और रेल कर्मियों ने अग्निशमन उपकरण की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बोगी में सीट जल चुकी थी। रेलवे कर्मियों ने ट्रेन से इस बोगी को अलग किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि गनीमत रही कि आग लगने के समय यात्री बोगी से उतर चुके थे और आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया बोगी में संभवत: किसी ने लापरवाही वश जलती बीड़ी या सिगरेट फेंक दी जिससे सीट में आग लग गई। ट्रेन में दूसरा बोगी लगाकर उसे निर्धारित समय से आगामी गंतव्य की काशीपुर की ओर रवाना किया गया।