उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार की शाम एसबीआई के एटीएम में आग लग गई। आग लगने से एटीएम धू-धूकर जल गया। आग की लपटें देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। ईदगाह रेलवे स्टेशन की घटना है।
शाहगंज थाना क्षेत्र के ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित एसबीआई के एटीएम के केबिन से मंगलवार शाम धुंआ उठने लगा। देखते-देखते लपटें उठने लगीं। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया। मगा, तब तक एटीएम पूरी तरह से नष्ट हो गया। पुलिस आग लगने के बारे में जानकारी कर रही है।
ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर निकलते ही एसबीआई का एटीएम लगा हुआ है। मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे एटीएम के केबिन से धुंआ उठने लगा। इससे आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर तैनात जीआरपी जवान भी मौके पर आ गए। कोई भी केबिन में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। करीब पांच मिनट तक धुआं निकलता रहा।
देखते-देखते लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने पूरे एटीएम के केबिन को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया। शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। जांच की जा रही है।