कासगंज। शुक्रवार को सुबह चाय बनाते समय एक घर में घरेलू सिलिंडर के पाइप में लीकेज होने के कारण आग लग गई। जिससे उस कमरे में रह रहे सभी 8 लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। दो महिलाएं गंभीर रूप से जल गईं। बमुश्किल आग पर काबू करके लोगों को बचाया गया। कमरे में रखा सामान भी जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।आग लगने की यह घटना सुबह करीब 6 बजे मनोज कुमार निवासी मोहल्ला हुल्का के घर पर हुई। मनोज हलवाई का काम करता है। उसके परिवार में कुल 5 सदस्य हैं, लेकिन उसके तीन रिश्तेदार रात को घर पर आए हुए थे। घर में कुल 8 लोग मौजूद थे। एक कमरे में ही मनोज का परिवार रहता है और उसी कमरे में किचिन चलती है। रात्रि के समय सिलिंडर से जुड़ी पाइपलाइन से लीकेज होने लगी। लेकिन सोते समय परिजनों को इसका अहसास नहीं हो सका। मनोज की पत्नी गीता ने सुबह जैसे ही गैस का चूल्हा जलाया वैसे ही कमरे में आग लग गई। चूंकि गैस रिसाव के कारण कमरे में पहले से फैली थी। सभी लोग आग की चपेट में आ गए। मनोज सहित सभी लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेज होती चली गई। परिवार के लोगों ने चीख-पुकार मचाई तो आस पास के लोगों को मामले की जानकारी हुई। दमकल को बुलाया गया। लोगों ने आकर लीकेज सिलिंडर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक घर का सामान जल चुका था और सभी लोग झुलस चुके थे। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर तत्काल आग पर काबू पाया। आग में झुलसकर घायल हुए सोनू (26), अनमोल(18), उर्मिला (25) निवासी मोहल्ला धनपाल गंजडुंडवारा, अंजली (10), निखिल (11), संजना (6), गीता (35) निवासीगण मोहल्ला हुल्का को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने इलाज करके उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। गीता और उर्मिला ज्यादा झुलस जाने के कारण स्थिति गंभीर बताई गई है।