मंगोली खुर्द में दो घरों में लगी आग फतेहपुर सीकरी
फतेहपुर सीकरी। विकासखंड के ग्राम मंगोली खुर्द में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से दो चचेरे भाइयों के मकानों में आग लग गई। हादसे में हजारों रुपये की नकदी, घरेलू सामान, राशन, बिस्तर और भूसा जलकर राख हो गया। वहीं, एक गाय भी झुलस गई। पीड़ित परिवारों ने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
गांव निवासी सोहन सिंह एवं देवेंद्र सिंह के मकानों में दोपहर अचानक आग लग गई। घटना के समय देवेंद्र सिंह मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि सोहन सिंह अपने परिवार के साथ गांव में ही दूसरे स्थान पर थे। घरों से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दोनों घरों में रखा घरेलू सामान, राशन, बिस्तर, भूसा तथा करीब 40 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से एक गाय भी झुलस गई। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित परिवारों ने नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनू वर्मा ने बताया कि दोनों परिवार मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आग की इस घटना से उनका अधिकांश घरेलू सामान नष्ट हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आज से हुई क्षति का आकलन कर मुआवजा दिया जाने की मांग की है।