एटा के कस्बा सकीट में एक मैरिज होम के पास सड़क किनारे खड़ी ओमनी कार में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद कार में रखा एलपीजी सिलिंडर फट गया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जल गई।
मिड डे मील वितरण में लगी थी कार
कासगंज के जियाउद्दीनपुर निवासी कार चालक ने बताया कि जन कल्याण सेवा समिति गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ के एनजीओ द्वारा ब्लाक क्षेत्र सकीट के आठ इंटर कॉलेजों में मिड डे मील का खाना वितरण के लिए कार लगाई गई थी। गुरुवार को कार सड़क किनारे खड़ी थी, तभी उसमें आग लग गई। कार में एलपीजी सिलिंडर रखा था। गैस लीकेज होने से आग और विकराल हो गई। ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
एलपीजी सिलिंडर से चल रही थी कार
घटनास्थल के पास स्थित एक मकान की छत से किसी ने आग का गोला बनी कार का वीडियो बना लिया। कार जहां पर खड़ी थी, वहां आसपास कई घर हैं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इंस्पेक्टर संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार में एलपीजी सिलिंडर से चलाई जा रही थी।