आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में बने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में सोमवार की रात आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। तब तक लाखों रुपये कीमत की दवाएं जल चुकी थीं। आग लगाए जाने की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के पास प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालित हैं। इसमें अर्जुन नगर निवासी राहुल सिंह परमार कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार शाम को साढ़े छह बजे केंद्र बंद करके गए थे। रात में करीब 12:30 बजे केंद्र में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। आग से करीब पांच लाख रुपये की दवाएं और अन्य सामान जल गए। इससे पहले उनके केंद्र में 18 मई को चोरी हुई थी।
गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर 30 हजार रुपये ले गए थे। वह बिजली के उपकरण बंद करके गए थे। ऐसे में शार्ट सर्किट की संभावना कम है। उन्हें आशंका है कि किसी ने मेडिकल कालेज की दीवार फांदकर केंद्र में आग लगा दी। इस पर थाना में तहरीर दी है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। आग किन कारणों से लगी, इसका पता कराया जा रहा है।