आगरा में हाथरस रोड स्थित नरायच में बंद पड़े शांति गोयल कोल्ड स्टोर (शीतगृह) की तीसरी मंजिल पर सोमवार शाम चार बजे आग लग गई। इसकी जानकारी पर पहुंचीं छह दमकलों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग से काफी सामान जल गया।
शांति गोयल कोल्ड स्टोर काफी समय से बंद है। कुछ दिन पहले कोल्ड स्टोर के परिसर को किराए पर दे दिया गया था। तीसरी मंजिल पर मजदूर लकड़ी और लोहे की सरिया को हटाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि मजदूर कटर मशीन से कार्य कर रहे थे।
इससे निकली चिंगारी से लकड़ी के सामान और थर्माकोल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग फैल गई। मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का इंतजाम नहीं था। सूचना पर थाना एत्माद्दौला पुलिस और दमकल पहुंच गईं।