जिले में सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पर जिला पंचायत कार्यालय की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। ये एफआईआर पांच साल पहले जिला पंचायत में किए गए कार्यों में फर्जी एफडीआर देने को लेकर दर्ज कराई गई है।
जिला पंचायत के वार्ड संख्या तीन किशनी से सपा समर्थित नीरज उर्फ राजेश खटीक जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। शनिवार को उनके विरुद्घ कोतवाली मैनपुरी में जिला पंचायत कार्यालय के अवर अभियंता दीपक कुमार की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि नीरज उर्फ राजेश खटीक जिला पंचायत में पंजीकृत ठेकेदार हैं। उन्होंने वर्ष 2015 और 2016 में आठ निर्माण कार्य जिला पंचायत में किए थे। इसके लिए क्षेत्रीय किसान ग्रामीण बैंक से अलग-अलग आठ एफडीआर जमा की गईं, जो अपर मुख्य अधिकारी के नाम पर बंधक थीं। संदेह होने पर इनका सत्यापन कराया गया तो संबंधित बैंक से ये एफडीआर फर्जी बता दी गईं। पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर पर एफ आईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं जब इस बारे में जिला पंचायत सदस्य राजेश खटीक से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
----
चुनाव के चलते बनाया जा रहा निशाना
सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को देखते हुए सपा के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है। छह साल पहले किए गए कार्य के नाम पर गलत एफआईआर दर्ज कराई गई है।