मैनपुरी। कोचिंग से लौट रहे छात्र को बेल्ट और डंडों से पीटने के मामले में एक नामजद सहित छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक नवंबर को नगला जुला रेलवे क्रॉसिंग के पास की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव जसवंतपुर निवासी छात्र आयुष ने बताया कि हरिदर्शन नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर का छात्र है। एक नवंबर को वह कोचिंग से वापस लौट रहा था, नगला जुला रेलवे क्रॉसिंग के पास गांव उदयपुर कोतवाली निवासी सुमित ने अपने पांच साथियों के साथ रोक लिया। वह लोग गाली गलौज करने लगे, विरोध करने पर सभी ने उसे डंडों और बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।