अमर उजाला ब्यूरो आगरा। थाना सिकंदरा में राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह की पुत्र वधू सीमा चौधरी के खिलाफ कर्मचारी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी शिलांग निवासी एल्ड्रिन लिंगदोह राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह के दिवंगत पुत्र मंजीत की पत्नी सीमा चौधरी के सिकंदरा के कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा स्थित शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। उसने मंगलवार को शिलांग में रहने वाले अपने रिश्तेदार को वाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा था। अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट रिश्तेदारों ने मेघालय की एडीजी कानून व्यवस्था ईडा शीशा को भेजा था। उन्होंने यहां एडीजी अजय आनंद को वह मैसेज भेजा था। इसके बाद पुलिस रेस्टोरेंट पहुंची थी। एल्ड्रिन का शव फंदे पर लटका मिला था। सीमा ने पुलिस को बताया था कि कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बावजूद वह यहां आया था। वह सीढ़ी लगाकर घुस गया था। पुलिस ने आसपास के लोगों और अन्य तरीके से जांच की। इसमें सामने आया कि कर्मचारी रेस्टोरेंट में काम करता था। सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए सीमा चौधरी को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर सिकंदरा की प्राक्षी टावर चौकी प्रभारी एसआई अखिलेश कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें सीमा चौधरी पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।