आगरा के एकता थाना क्षेत्र के गांव रजरई में करोड़ों रुपये की जमीन का बैनामा किसान को नशा कराकर करवा लिया गया। इकरारनामा में दिखाई रकम के चेक भी फर्जी निकले। आरोपी सपा नेता समेत अन्य ने पीड़ित और उसके परिजन को धमकी भी दी है। शिकायत पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित शिवम उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत की थी। आरोप लगाया कि उसके पिता संजय कुमार नशे के आदी हैं और मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। इसका फायदा उठाकर कुछ लोगों ने फर्जी इकरारनामा कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की। पिता के नाम गांव रजरई में करीब 7.5 करोड़ रुपये कीमत की जमीन है।
आरोप है कि सपा नेता विवेक यादव, उसके साथी रामसनेही, दिनेश सिंह तोमर, बालकिशन शर्मा, जितेंद्र सिंह, रॉकी यादव और योगेश तोमर ने 13 जनवरी, 2026 को साजिश के तहत एक इकरारनामा पंजीकृत कराया। इसमें पिता के नाम जमीन को मात्र 70 लाख रुपये में बेचने की बात दिखाई गई। आरोपियों ने 25 लाख रुपये एडवांस दिखाए। जिसमें 2 लाख रुपये नकद और 23 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिखाए गए थे। दिए गए चारों चेक बैंक में अस्वीकार कर दिए गए। इकरारनामे में 15 माह के अंदर बैनामा कराने की शर्त रखी गई जबकि चेक की वैधता केवल तीन माह होती है।
पीड़ित ने बताया कि जब उसने 2 फरवरी को आरोपियों से इस संबंध में बात की तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और तीन करोड़ रुपये की मांग की। स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई। मामले में डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।