मैनपुरी। तहसील क्षेत्र के कुर्रा में एक उर्वरक की दुकान पर नकली डीएपी की शिकायत पर छापेमारी की गई थी। यहां मिली डीएपी प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिलने के बाद नमूने लेने के बाद स्टॉक सील कर दिया गया था। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद जिला कृषि अधिकारी ने विक्रेता पर एफआईआर दर्ज कराई है।
उप जिलाधिकारी करहल से किसानों ने शिकायत की थी कि कुर्रा में ब्रह्मदेव खाद एवं बीज भंडार पर नकली डीएपी बेची जा रही है। इसी के चलते मंगलवार को दोपहर बाद एसडीएम ने जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह के साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ही विक्रेता हृदयराम यादव भाग निकला। टीम ने निरीक्षण के दौरान डीएपी संदिग्ध पाई। इसी के चलते जांच के लिए चार नमूने लेकर दुकान सील कर दी थी। साथ ही लाइसेंस निलंबित करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अनुमति मांगी थी। जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद जिला कृषि अधिकारी की ओर से थाना कुर्रा में हृदयराम यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।