मैनपुरी में लॉकडाउन का उल्लंघन कर मंदिर में नेजा चढ़ाने के नाम पर भीड़ जुटाने वाले 38 लोगों के खिलाफ थाना करहल में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश कर रही है।
करहल थाना क्षेत्र के गांव सैयदपुर केहरी के ग्रामीणों शुक्रवार शाम को गांव स्थित काली मंदिर पर नेजा चढ़ाने के लिए एकत्रित हुए थे। ग्रामीणों की भीड़ जमा होते ही मंदिर परिसर में मेले जैसी स्थिति पैदा हो गई।
ढोलक की थाप और धार्मिक गीतों पर महिला और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को घर जाने की हिदायत दी।
महामारी अधिनियम में केस दर्ज
जब भीड़ नहीं मानी तो तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। देर शाम करहल थाने में उप निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक की तहरीर पर 18 नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित आईपीसी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इन्हें किया गया नामजद
पुलिस ने सैयदपुर केहरी निवासी अमर सिंह, प्रेमदास, मायाराम, वीरपाल सिंह, राकेश कुमार, रिंकू, पप्पू, छोटे, वीपी सिंह, रोशन, रामगोपाल, मनीराम, राजपाल, सीताराम, राजू, इंद्रजीत, अवधेश व अशोक को नामजद किया है।
थानाध्यक्ष करहल देवेंद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि देशभर में लॉकडाउन है, बावजूद इसके मंदिर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हुई। भीड़ जुटना मावन जीवन के लिए बड़ा खतरा है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।