मैनपुरी। अधीक्षण अभियंता विद्युत के निर्देश पर शुक्रवार को जिलेभर में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 33 लोग बिजली चोरी करते हुए मिले। सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विद्युत उपकेंद्र चौराईपुर के गांव वरिहार, हरचंदपुर, रंपुरा में अवर अभियंता ओमप्रकाश ने टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने पांच घरों में बिजली चोरी पकड़ी। पूर्व में बकाए पर इन लोगों के कनेक्शन काटे गए थे, जो बिना बिल जमा किए ही जोड़ लिए गए थे। अवर अभियंता नरायन सिंह ने उपकेंद्र कुचेला के गांव कासगंज में चेकिंग अभियान के दौरान नौ घरों में बिजली चोरी पकड़ी। कुरावली के गांव महादेवा में एसडीओ पीयूष शुक्ला और अवर अभियंता पंकज कन्नौजिया ने दस घरों में, गांव चंदपुरा में अवर अभियंता जयदयाल ने नौ घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
भोगांव में अधीक्षण अभियंता विद्युत अतुल अग्रवाल ने डिस्कनेक्शन अभियान का निरीक्षण किया। बकाएदारों के कनेक्शन कटवाए। उप खंड अधिकारी नरेंद्र वर्मा को निर्देशित किया कि दस हजार से अधिक के बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए जाएं। किशनी में अवर अभियंता विवेक कुशवाह ने बकाएदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर 50 हजार से ऊपर के छह बकाएदारों के मीटर उतार लिए।