आगरा। विकास कार्य के लिए आए बजट को तीन ग्राम प्रधानों ने हैंडपंप रिबोर करने और अपने चहेतों के घरों तक सीसी सड़क निर्माण के नाम पर निकाल लिया। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच के बाद सीडीओ ने तीन प्रधानों के वित्तीय अधिकारी सीज कर दिए हैं। 18 अन्य प्रधानों के भ्रष्टाचार की अभी भी जांच चल रही है।
डीपीआरओ मनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने अलग-अलग विभाग के अधिकारियों की टीम को जांच के लिए लगाया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि तीनों ग्राम पंचायतों में कार्यों का भुगतान तो हुआ, लेकिन स्थल पर कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ। कई स्थानों पर हैंडपंप रिबोर दिखाए गए, जबकि वास्तविकता में पुराने हैंडपंप काम करते नहीं मिले। डीपीआरओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही हैं। अग्रिम आदेश के बाद इन प्रधानों से रिकवरी की जाएगी।
इन प्रधानों पर हुई कार्रवाई
विकास खंड जगनेर की ग्राम पंचायत सिंगाइच में हैंडपंप रिबोर के नाम पर प्रधान मीना शर्मा ने 15 वें वित्त आयोग से मिले बजट में 2,11,400 रुपये खर्च किए। ग्रामीण सतेंद्र शर्मा के साथ अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की। जिला कृषि अधिकारी ने जांच की तो एक भी पंप सही नहीं मिला।
- विकास खंड पिनाहट की ग्राम पंचायत मनोना में 71 हजार रुपये पंचम वित्त और 1.08 लाख रुपये 15वें वित्त के हैंडपंप रीबोर के नाम पर निकाले गए। ग्रामीण हरेंद्र सिंह और अन्य ग्रामीणों की शिकायत पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने इसकी जांच की। जांच में पता चला कि हैंडपंप मरम्मत और रिबोर के नाम पर प्रधान राधा देवी ने रुपये निकाले लेकिन काम नहीं कराया। मौके पर एक भी हैंडपंप चालू नहीं मिला।
- विकास खंड बरौली अहीर की ग्राम पंचायत एत्मादपुर मदरा में ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने ग्राम प्रधान दुष्यंत सिंह की जांच की। इसमें हैंडपंप रिबोर की मरम्मत के नाम पर पंचम वित्त से 2.66 लाख रुपये और 15वें वित्त से 3.36 लाख रुपये निकाले गए। मौके पर एक भी हैंडपंप चालू नहीं मिला। साथ ही, 15वें वित्त से मिले 3.39 लाख रुपये की इंटरलॉकिंग टाइल्स को निजी जमीन पर लगवा दिया।
इन प्रधानों की चल रही है भ्रष्टाचार की जांच
बरौली अहीर की ग्राम पंचायत नोबरी, दिगनेर, नैनान ब्राह्मण, सैंया ब्लॉक की बिरहरू, फतेहाबाद ब्लॉक की बमरौली, सलेमपुर मुड़िया, शमसाबाद ब्लॉक की धनौली कला और लहर पट्टी, जगनेर ब्लॉक की सरेंधी और नीमैना, खंदौली ब्लॉक की पैंतखेड़ा, पिनाहट में करकौली और रेहा, फतेहपुर सीकरी ब्लॉक में तेहरा रावत और नगला बहरावती, खेरागढ़ में भेंसोन, एत्मादपुर ब्लॉक में बहरामपुर और फतेहाबाद में नगरिया। अछनेरा ब्लॉक में गोपऊ आदि ग्राम पंचायत के प्रधान पर विकास कार्याें में अनियमितता के आरोपों की जांच चल रही हैं।
-
प्रधान प्रतिनिधि ने आरोप नकारे
ग्राम पंचायत सिंगाइच की प्रधान मीना शर्मा के प्रतिनिधि आकाश शर्मा ने आरोपों को नकारा है। शर्मा ने कहा कि साजिश के तहत आरोप लगाकर उन्हें फंसाने का प्रयास किया गया है। साथ ही जांच में भी प्रधान के पक्ष को नहीं सुना गया।