आगरा के शाहदरा में युवक ने बाइक छिनने को लूट बताकर 112 पर सूचना दी, जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि किस्त न देने पर फाइनेंस कर्मियों ने बाइक ली थी, जिसे पुलिस ने वापस दिलवा दिया।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में बुधवार को किस्त जमा न होने पर फाइनेंस कर्मियों ने युवक से बाइक छीन ली। युवक ने 112 पर लूट की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर बाइक वापस दिला दी।
विज्ञापन
कछपुरा निवासी महेश ने बताया कि वह पड़ोसी की बाइक से पत्नी को पेपर दिलवाने गए थे। वापस लौटते समय शाहदरा क्षेत्र में चार–पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया और बाइक, सोने की अंगूठी, दो रुपये छीन लिए। विरोध करने पर पिटाई भी की। शोर सुनकर लोगों के दौड़ने पर आरोपी अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर लूट की सूचना दे दी।
थानाध्यक्ष का कहना है कि लूट की अफवाह फैलाई गई थी। जांच में सामने आया कि किस्त समय पर जमा नहीं होने पर फाइनेंस कर्मी बाइक ले गए थे। पुलिस ने बाइक युवक को वापस दिलवा दी है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।