फर्जी प्रमाणपत्र से नौकरी करने वाले शिक्षकों को दिया जाएगा अंतिम नोटिस
विभाग तैयारी में जुटा, जल्द होगी बर्खास्तगी की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करने वाले जिले के दो शिक्षकों पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। विभागीय जांच में उनके अभिलेखों में गड़बड़ी पाई गई है। अब विभाग ने उनकी सेवा समाप्ति की तैयारी कर ली है। जल्द ही उन्हें सेवा समाप्ति का नोटिस पहुंच जाएगा।
घिरोर विकास खंड के नगला चाहर पर तैनात शिक्षक अवनीश कुमार की शिकायत की गई थी कि उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र में गड़बड़ी है। वे पूर्व में अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत मैनपुरी में आए थे। शिकायत पर बीएसए ने टीम को गठित कर जांच कराई। जांच क बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उनके द्वारा दिए गए अभिलेखों से जांच कमेटी संतुष्ट नहीं है। वहीं करहल विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय किरथुआ पर तैनात प्रधानाध्यापिका रागिनी देवी की शिकायत की गई थी कि उनके नियुक्ति पत्र पर तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारी के हस्ताक्षर तक नहीं हैं। जांच के बाद रागिनी को नोटिस जारी किया गया लेकिन रागिनी अभी तक हस्ताक्षर वाला नियुक्ति पत्र नहीं दिखा सकीं। विभागीय सूत्रों के अनुसार विभाग ने अब इन दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्ति की तैयारी कर ली है। जल्द ही इन्हें अंतिम नोटिस जारी कर इनकी सेवा समाप्त की जाएगी।
दोनों ही मामलों में जांच लगभग पूरी कर ली गई है। जल्द ही दोनों पर बड़ी कार्रवाई होगी।
दीपिका गुप्ता, बीएसए
-
प्रदीप कुमार यादव