कासगंज। सहावर तहसील क्षेत्र के गांव रामछितौनी में ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश के लिए बृहस्पतिवार को राजस्व और पुलिस की टीम पहुंची। यहां शौचालय निर्माण के लिए भूमि की पैमाइश की गई, लेकिन कुछ ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं थे। हालांकि राजस्व और पुलिस टीम ने पैमाइश कराकर निशानदेही करा दी है।
गांव रामछितौनी में ग्राम पंचायत की ओर से एक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। शौचालय के लिए चिह्नित की गई जमीन पर शौचालय निर्माण का कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया। कहा कि मंदिर के पास शौचालय नहीं होना चाहिए। बीते दिनों सीडीओ और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र दिया और उपजिलाधिकारी सहावर से अनुरोध किया कि मंदिर के पास समीप शौचालय न बनने दिया जाए।
इधर पंचायत की ओर से अधिकारियों को बताया गया कि शौचालय के लिए जो जमीन चिह्नित की गई है वह ग्राम पंचायत की है। वहीं सामुदायिक शौचालय उचित रहेगा। विवाद निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर शौचालय के लिए ग्राम समाज की भूमि पर निशानदेही कर दी है।
- गांव में शौचालय निर्माण के लिए भूमि चिह्नांकन को लेकर समस्या थी। बृहस्पतिवार को राजस्व और पुलिस टीम मौके पर भेजी। टीम के लौटने पर रिपोर्ट तलब की जाएगी।- अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी, सहावर।
- रामछितौनी में अब कोई विवाद नहीं है। राजस्व टीम ने भूमि का चिह्नांकन कर दिया है। ग्राम पंचायत को टीम ने बता दिया है कि चिह्नित भूमि ग्राम समाज की है। - गनेश चौहान, थाना प्रभारी, गंजडुंडवारा।