अमांपुर। क्षेत्र के गांव डेगरी मार्ग पर सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ काट रहे लोगों ने कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम को खदेड़ दिया। वन विभाग के अनुभाग अधिकारी ने 15 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
गांव डेगरी मार्ग पर चकरोड के किनारे लगे यूकेलिप्टस पेड़ों का कटान किए जाने की सूचना किसी ने वन विभाग को दी। अनुभाग अधिकारी राजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आरोपियों से कटान रोकने को कहा। इस पर आरोपियों से कहासुनी हो गई।
इसके बाद आरोपी वन विभाग की टीम पर कुल्हाड़ी फरसा लेकर हमलावर हो गए और टीम को खदेड़ दिया। वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भाग गए। कटी हुई लकड़ी को ट्रैक्टर में भरवाकर थाने में डलवा लिया गया।
वन विभाग के अनुभाग अधिकारी राजेंद्र सिंह ने अवनीश निवासी हरथरा अमांपुर समेत 14 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र इंदौलिया ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।