बरनाहल। गांव चंदीकरा में आयोजित एक भंडारे में शामिल होने को लेकर इटावा में हुई घटना को लेकर दो गुट के लोगों में बहस हो गई। बहस के तूूल पकड़ने के बाद दोनों पक्ष के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
थाना क्षेत्र के गांव चदींकरा में ब्राह्मण समाज की ओर से भागवत कथा का आयोजन किया गया था। बृहस्पतिवार को भंडारे का आयोजन चल रहा था। भंडारे में शामिल होने को लेकर गांव गढिया भदौल के रहने वाले कुछ लोगों के बीच शामिल होने व न होने को लेकर बहस होने लगी। इस बीच इटावा में हुई घटना का भी जिक्र छिड़ गया। बहस ने कुछ ही देर में तूल पकड़ लिया। तब लोगों ने समझा बुझाकर शांत करा दिया था। देर शाम उक्त विवाद को लेकर दोनों पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। शुक्रवार को दोनों पक्ष के लोगों ने तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में अनिरुद्ध कुमार, मुकेश कुमार, नितनेश और दीनदयाल के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि दोनों पक्ष के लोगों में शराब पीकर मारपीट हुई थी। 4 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।