कस्बा में जिस बात का डर था वह अब और भी बढ़ता जा रहा है। कस्बा में बुखार के मरीजों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। कस्बा निवासी बुखार से पीड़ित कक्षा नौ के छात्र की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई है।
कस्बा निवासी सलीम खान का 14 वर्षीय पुत्र साहिल कक्षा नौ का छात्र है। पिछले छह दिनों से वह बुखार और चेचक की परेशानी से जूझ रहा था। परिजन तीन दिन पहले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। सैफई में जब आराम नहीं मिला तो परिजन उसे फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर ले गए।
फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर में भी जब उसे आराम नहीं मिला तो परिजन उसे दिल्ली कें एक निजी अस्पताल में ले गए। मंगलवार की सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई। बुखार से छात्र की मौत के बाद कस्बा के लोग चिंतित हो रहे हैं। कस्बा निवासी एक युवक का आगरा के अस्पताल में डेंगू से पीड़ित होने पर उपचार चल रहा है। जबकि कई अन्य लोग भी बुखार की चपेट में हैं।
छात्र की मौत के संबंध में जानकारी नहीं है। कस्बा में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। आसपास के लोगों की भी जांच कराकर उपचार दिलाया जाएगा। - डॉ.पीपी सिंह, सीएमओ