मैनपुरी। जिला कृषि अधिकारी द्वारा जांच के लिए भेजे गए उर्वरकों के नमूनों में से चार नमूने जांच में फेल हो गए हैं। पूर्व में निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं की दुकान से ये नमूने भरे गए थे। रिपोर्ट के आधार पर जिला कृषि अधिकारी ने संबंधित चारों विक्रेताओं का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। सभी को निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है।
मार्च में निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह ने चार उर्वरक विक्रेताओं की दुकान से चार उर्वरकों के नमूने जांच के लिए भरे थे। इसमें न्यू प्रवेश खाद भंडार ज्योंती और मुस्कान खाद भंडार ज्योंती से डीएपी का एक-एक, साधना खाद बीज भंडार औड़ेन्य मंडल से एसएसपी का एक और आयुष्मान इंटरप्राइजेज देवी रोड से एनपीके का नमूना लिया था। ये नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार ये चारों नमूने फेल पाए गए। इनमें मानक के सापेक्ष रासायनिक तत्वों की मात्रा कम पाई गई। इसी के आधार पर जिला कृषि अधिकारी ने चारों उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इस संबंध में सभी विक्रेताओं को मंगलवार को आदेश भी जारी कर दिया गया है।
सात दिन में देना होगा जवाब
जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं से सात दिन में जवाब देने के लिए कहा है। उन्होंने जांच रिपोर्ट के संबंध में विक्रेताओं को अवगत कराते हुए लिखा है कि अगर उन्हें उर्वरकों के नमूनों के संबंध में कुछ भी कहना है तो वे सात दिन में जवाब दे दें। ऐसा न करने पर विक्रेताओं के विरुद्ध आगे कार्रवाई की जाएगी।
उर्वरकों के चार नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित करते हुए उनसे जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. सूर्यप्रताप सिंह, जिल कृषि अधिकारी।