महिला चिकित्सक ने लगाया अभद्रता का आरोप
रागिनी हॉस्पिटल में हुई घटना, कोतवाली में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के कचेहरी रोड स्थित रागिनी हॉस्पिटल में सोमवार को पत्नी का इलाज कराने आए युवक ने हंगामा करना शुरू कर दिया। महिला चिकित्सक के साथ अभद्रता की। बीच बचाव करने आए अन्य चिकित्सक से हाथापाई की गई। घटना को लेकर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
शहर के बैंक कालोनी का रहने वाले एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी को कचहरी रोड स्थित रागिनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां ऑपरेशन के बाद सोमवार को बच्चे का जन्म हुआ। इस दौरान किसी बात को लेकर युवक ने हंगामा करना शुरू कर दिया। महिला चिकित्सक डॉक्टर रागिनी अग्रवाल के साथ अभद्रता की। जब अन्य चिकित्सक बीच बचाव करने के लिए आए तो उनके साथ हाथापाई कर दी। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच करने पहुंची। चिकित्सक से घटना के बारे में जानकारी ली गई। महिला चिकित्सक की ओर से बैंक कालोनी निवासी युवक व एक अन्य के खिलाफ अभद्रता और हाथापाई किए जाने की शिकायत दी गई है।