करणी सेना ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन के यहां 12 अप्रैल को फिर से आने की धमकी दी है। इसके बाद सपा सांसद को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में दिल्ली के लिए रवाना कर दिया है।
महाराणा सांगा पर टिप्पणी के बाद करणी सेना के हमले से विवादों में घिरे सपा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन सोमवार को आगरा पुलिस की सुरक्षा में दिल्ली गए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से मुलाकात कर सुरक्षा पर बात की थी।
विज्ञापन
पुलिस ने सांसद से कहा कि उन्हें जो धमकियां सोशल मीडिया पर दी जा रही हैं, उन्हें वह पेनड्राइव में पुलिस को सौंप दें। पुलिस ऐसे सोशल मीडिया एकाउंट चिन्हित कर कार्रवाई करेगी। मुलाकात के बाद सांसद दिल्ली संसद सत्र में चले गए। उन्हें सुरक्षा देते हुए आगरा पुलिस ने एस्कॉर्ट किया।
सांसद सुमन के घर पर करणी सेना के हमले और बवाल के बाद जाटव महापंचायत, डॉ. आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन ने उन्हें समर्थन दिया है। उनके समर्थन में फाउंडेशन और अन्य संगठन चक्कीपाट स्थित बुद्ध विहार पर बैठक कर अपनी रणनीति का खुलासा करने वाले हैं। सांसद सुमन के घर करणी सेना ने 12 अप्रैल को फिर से आने की धमकी दी है।
विज्ञापन
इसे देखते हुए ईद के बाद समाजवादी पार्टी भी आंदोलन की रणनीति तैयार कर रही है। सपा नेताओं ने इस मामले में दलित बस्तियों में लोगों की भावनाओं को जानने की कवायद शुरू की है।