फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा में जालसाज पिता-पुत्र गिरफ्तार: क्लोन चेक से 45 लोगों के खातों से निकाले पांच करोड़ रुपये

Thu, 16 Dec 2021 07:28 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

आरोपी पिता-पुत्र हाथरस जिले के रहने वाले हैं। दोनों बेहद शातिर हैं। ये आरोपी लोगों के खातों की जानकारी जुटाने के बाद क्लोन चेक पर खाताधारक के हूबहू हस्ताक्षर कर रकम निकालते थे।
विज्ञापन
लाल घेरे में आरोपी पिता-पुत्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा में क्लोन चेक के माध्यम से 45 लोगों के खाते से पांच करोड़ रुपये निकालने वाले जालसाज पिता-पुत्र को साइबर सेल ने थाना हाईवे पुलिस की मदद से पकड़ा है। आरोपियों से नकदी, चौपहिया वाहन, क्लोन चेक, चेक बुक आदि सामान बरामद किया गया है। आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मथुरा के दो थानों में मुकदमा दर्ज कराए गए थे। 

विज्ञापन

थाना हाईवे पर बृहस्पतिवार को एसपी सिटी मार्तंड प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी नितिन कसाना और हाईवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जालसाज अंतरराज्यीय पिता और पुत्र गिरफ्तार किए गए हैं। पकड़े गए विनोद और उसका पिता कंचन सिंह निवासी भरतपुर रोड ग्रेटर कैलाश कॉलोनी व बालाजीपुरम एफ-2 मूल निवासी ग्राम गढ़ी केसरी, सादाबाद (हाथरस) हैं। 
आरोपी पिता-पुत्र ने पांच राज्यों के 45 लोगों को जालसाजी का शिकार बनाया। आरोपी क्लोन चेक के माध्यम से खातों से रकम निकाल लेते थे। मथुरा में इनके खिलाफ कोतवाली में गौरव गोयल ने 15 लाख रुपये और थाना हाईवे में कादर बख्श ने 6.50 लाख रुपये की जालसाजी के मुकदमे दर्ज कराए थे। पुलिस कई दिनों से आरोपियों को तलाश रही थी। 

विज्ञापन

ऐसे निकालते थे खातों से रकम 
आरोपी बैंक में जाकर लिपिक के पास रखे चेक की वीडियो बनाते थे। उसके बाद इन चेक की वीडियो का स्क्रीनशॉट लेते थे। खाता संख्या और नाम आने के बाद मजदूरों को 10 हजार की नौकरी का झांसा देते थे। मजदूर के आधार कार्ड और अन्य प्रमुख कागजात लेने के बाद यह जालसाज एक बैग, पैन और रजिस्टर देकर इनके नाम से बैंक में खाता खुलवाते थे। 

उस बैंक की चेक बुक जारी कराकर उसके ऊपर से मजदूर का खाता संख्या और नाम को हटाकर बनाई वीडियो के चेक का नाम और खाता संख्या डालकर हूबहू हस्ताक्षर भी बना लेते थे। इसके बाद चेक लगाकर मजदूर के खाते में रकम को आरटीजीएस करा देते थे। मजदूर के खाते से दूसरे जिले में जाकर रकम को निकाल लेते थे। दोनों जालसाज नए-नए मजदूरों को भी अपना शिकार बनाते थे।

इन राज्यों के लोग हुए जालसाजों का शिकार
जालसाज पिता-पुत्र ने यूपी के मथुरा, आगरा, टूंडला, हाथरस, चित्रकूट, एमपी के मुरैना, भिंड, ग्वालियर, हरियाणा के पलवल, होडल, राजस्थान के अलवर, जयपुर, भरतपुर, उत्तराखंड के देहरादून निवासी लोगों के खातों से रकम निकाली है। 
विज्ञापन

कई बार जेल जा चुका है कंचन सिंह
साइबर सेल प्रभारी नितिन कसाना ने बताया कि 1994 में आगरा की नाई की मंडी और आगरा के एत्माद्दौला से जालसाज कंचन सिंह जेल जा चुका है। इसके अलावा 15 साल पहले शहर कोतवाली पुलिस ने भी इसे चेक के मामले में जेल भेजा था। हालांकि अभी तक पांच राज्यों में इनके जालसाजी का रिकॉर्ड मिला है। 

इसके अलावा भी अन्य और जिलों में भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। फिलहाल पिता-पुत्र जालसाजी का ही कार्य कर रहे थे, पर दिखाने के लिए बिल्डिंग मैटेरियल और पशुओं के चारे का व्यवसाय खोल रखा है। अंडर ट्रेनी सीओ हर्षिता सिंह ने भी इन जालसाजों से जानकारी जुटाई है।

यह हुई बरामदगी 
आरोपियों से एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पांच आधार कार्ड, विभिन्न बैंकों की 30 चेकबुक, बैंकों के अधबने चेक व जमा निकासी बाउचर, आठ नए सिम कार्ड, विभिन्न कंपनियों के 13 कीपैड फोन, दो मल्टीमीडिया फोन, 5800 रुपये नकदी, एक कार बरामद हुई है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें