मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला सदा में उपले फेंकने से रोकने पर आरोपियों ने किसान और उसके पुत्र को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला सदा निवासी मिलाप सिंह शनिवार को घर पर थे। उन्हें पता चला कि गांव स्थित सरकारी जमीन पर लगे उनके बठिहा से कुछ लोग उपले निकाल कर फेंक रहे हैं। मौके पर जाकर देखा तो रसूखदार रिंकू सिंह, संतोष सिंह, गोपेश और कुसुमलता उपले इधर-उधर फेंक रहे थे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। उनकी चीख पुकार सुन कर पुत्र रवि बचाने के लिए आया तो रसूखदार उसे भी पीटने लगे। सिर में डंडा लगने से पुत्र लहूलुहान होकर गिर गया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोपी उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस ने घायल पिता पुत्र का मेडिकल कराया। मुकदमा दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी।