जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव सोनोटी निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल पुत्र साहब सिंह की ससुराल मलपुरा के गांव कबूलपुर में है, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सतपाल अपनी तीन वर्षीय मासूम पुत्री कनक को बाइक पर बैठाकर ससुराल जा रहे थे। उन्होंने मासूम कनक को अपने सामने बैठाया हुआ था और सुरक्षा के लिए गमछे से बांध रखा था।
बताया जाता है कि जैसे ही वे गांव मुड़हेरा के समीप न्यू दक्षिणी बाईपास पर पहुंचे, इसी बीच पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, उसके बाद दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद पिता-पुत्री बुरी तरह लहूलुहान हो गए और सड़क पर ही तड़पते रहे।
हादसा देख राहगीर तुरंत रुक गए और आस-पास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे पिता पुत्री। कबूलपुर गांव के रहने वाले केशव सिंह ने बताया कि उनके दामाद सतपाल और देवती कनक दोनों गांव कबूलपुर हमारे भतीजे सुखबीर की लगुन-सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे।
घर में शादी का माहौल मातम में बदल गया, सतपाल की पत्नी मीना अपने नौ माह के पुत्र को लेकर चार दिन पहले ही मायके आ चुकी थीं, सतपाल अपनी पुत्री कनक को लेकर उसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
ग्रामीण लोगों ने भारी वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाने की मांग की है। पुलिस वाहन की कर रही है तलाश। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।