आगरा के बाह क्षेत्र के एक गांव में लड़की को व्हाट्सएप पर गंदे मैसेज करने पर पिता और भाई ने समझाने के लिए पड़ोसी को बुलाया था। पड़ोसी परिवार ने दोनों के साथ न सिर्फ मारपीट की और गंदे मैसेज करने वाले युवक ने छत पर चढ़ कर राइफल से फायर भी झोंक दिया। पुलिस ने पड़ोसी परिवार के 6 लोगों को नामजद किया है।
बाह के एक गांव की लड़की 23 जून को पड़ोसी के घर शादी में गई थी। पिता ने पुलिस को बताया कि 25 जून को शादी से घर लौटी बेटी को पड़ोसी के बेटे ने व्हाट्सएप पर गंदे मैसेज किए। बेटी ने उसकी हरकत बताई तो 26 जून को वह अपने बेटे के साथ खेत पर गए थे। युवक की हरकत की जानकारी देने एवं समझाने के लिए उसके पिता को बुलाया था। जिस पर पड़ोसी परिवार के 6 लोग आए और उनके साथ मारपीट कर दी।
इतना ही नहीं पड़ोसी का बेटा छत पर चढ़ गया और जान से मारने की नीयत से राइफल से फायर कर दिया और भाग गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटे और भाई बाहर रहते हैं। आरोपी पक्ष कभी भी उनके साथ अप्रिय घटना कर सकता है। बाह पुलिस ने आरोपी युवक के साथ परिवार के 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।