बाइक हटाने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला
-अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। बाइक हटाने के विवाद को लेकर मोहल्ला गढ़ी में नामजद लोगों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी निवासी अभिषेक चौहान उर्फ अमर अपने पिता नारायण प्रताप चौहान के साथ सोमवार की शाम खेत से भूसा लेकर घर आया था। तभी गली में पड़ोसी की बाइक खड़ी होने पर उसने बाइक हटाने को कहा, इसी बात को लेकर पड़ोसी विशाल चौहान उर्फ शंभू, अमन चौहान उर्फ भोलू ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान होकर युवक जमीन पर गिर गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। भाई आकाश चौहान ने युवक को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।