पहले ही चस्पा की जा चुकी है किसानों की सूची
शासन के आदेश पर पहले ही ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के समस्त किसानों की सूची चस्पा की जा चुकी है। इसके बाद दोबारा ऐसे किसानों की सूची ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थल पर चस्पा की गई, जिन्होंने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है। इसके पीछे शासन की मंशा ये थी कि अगर किसानों को पता चल जाएगा कि उनका नाम ई-केवाईसी न कराने वाली सूची में है तो वे ई-केवाईसी करा लेंगे। लेकिन इसे भी किसानों ने गंभीरता से नहीं लिया।
16 अगस्त से घर-घर जाएंगे कृषि विभाग के कर्मचारी
कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित न हो इसके लिए 16 अगस्त से एक अंतिम कार्य और किया जाएगा। इसके तहत 16 से 23 अगस्त तक कृषि विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर किसानों को ई-केवाईसी कराने के लिए बताएंगे। आदेश आने के बाद कृषि विभाग अभियान की तैयारी में जुट गया है।
आंकड़े
3.55 लाख हैं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में पंजीकरण
2.30 लाख ने करा लिया है ई-केवाईसी
1.25 लाख ने नहीं कराई ई-केवाईसी
3.50 लाख को मिली थी अंतिम/11वीं किस्त
उप निदेशक कृषि के डीवी सिंह ने बताया कि जिले में 1.25 लाख किसानों ने अब भी ई-केवाईसी नहीं कराई है। इन किसानों के लिए 10 और 11 अगस्त को जन सेवा केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। छूटे हुए सभी किसान असुविधा से बचने के लिए ई-केवाईसी करा लें। अन्यथा इन किसानों को 12वीं किस्त प्राप्त नहीं हो सकेगी।