कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आगरा में आयोजित मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में किसानों से दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ाने और बीजदाता बनने की अपील की। उन्होंने बताया कि बीज निगम किसानों से दलहन, तिलहन और अनाज के बीज एमएसपी से अधिक कीमत पर खरीदेगा।
किसानों को अन्नदाता के साथ बीज दाता भी बनना होगा। इससे प्रदेश के कृषि उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आमदनी दोनों में बढ़ोतरी होगी। उन्हें प्राइवेट कंपनियों के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। बीज निगम उनसे दलहन-तिलहन और अनाज की फसलों के बीजों को एमएसपी से अधिक कीमत पर खरीदेगा।
विज्ञापन
ये बातें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में मंडलीय रबी उत्पादन गोष्ठी में कहीं। इसमें आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल के किसान और अधिकारियों के साथ कृषि विशेषज्ञ भी शामिल हुए।
कृषि मंत्री शाही ने कहा विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कृषि क्षेत्र को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना होगा। दलहन का उत्पादन बढ़ाने के लिए निशुल्क बीज वितरण किया जा रहा है।
विज्ञापन
मैनपुरी में गेहूं-चना, मथुरा में मसूर उत्पादन की सराहना
मंत्री ने मैनपुरी में गेहूं और चना की उत्पादकता और मथुरा में मसूर की उत्पादकता राज्य के औसत से अधिक होने के लिए सराहना की। कहा बाजार की चुनौतियों को समझें। सरसों के लिए ब्रज का वातावरण उपयुक्त है। आलू की फसल जैसी लागत भी नहीं लगती। इस दौरान प्रमुख सचिव कृषि एसके शन्मुगा सुंदरम, निदेशक कृषि त्रयंबक मणि त्रिपाठी, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, प्रबंध निदेशक बीज विकास निगम आशुतोष कुमार मिश्रा समेत तीनों मंडलों के अधिकारी मौजूद रहे।