कासगंज में धूप में सड़क पर सूखती मक्का ।
कासगंज। सरकारी केंद्रों पर मक्का की बिक्री करने के लिए किसान अपनी रुचि दिखाने लगे हैं। 35 किसानों ने अपना पंजीकरण करा दिया है। विभाग ने इन किसानों का सत्यापन शुरू कर दिया है। किसानों के पंजीकरण की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।जिले में मक्का की खरीद के लिए खाद्य विभाग ने आठ केंद्र निर्धारित किए हैं। कासगंज गल्ला मंडी में चार केंद्र खोले गए हैं। ताकि किसान आसानी से अपनी फसल की बिक्री कर सकें। इसके अलावा पटियाली, अमांपुर, गंजडुंडवारा, सिढ़पुरा में एक-एक केंद्र बनाया गया है। वैसे तो खरीद केंद्र 16 जून से ही खोल दिए गए, लेकिन बारिश से फसल भीग जाने से अभी नमी अधिक है। इससे किसान फसल को सुखाने में व्यस्त हैं। फसल की बिक्री पंजीकरण के आधार पर होगी। इसलिए किसान पंजीकरण कराने के लिए साइबर कैफे आदि पर पहुंच भी रहे हैं। 35 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। सरकार का समर्थन मूल्य 2225 रुपये है। जबकि बाजार में 2000 रुपये प्रति क्विंटल ही भाव मिल रहा है। 31 जुलाई तक खरीद की जाएगी। पंजीकरण के समय किसानों को मक्का का रकबा भी भरना है। ताकि किसान निर्धारित रकबा से अधिक फसल की बिक्री न कर सकें।