सोरोंजी में हरी की पौड़ी पर पहुंचे श्रद्धालु ।
कासगंज। आषाढ़ मास की अमावस्या पर गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगास्नान किया। जिले के लहरा, कादरगंज, हरि की पौड़ी गंगाघाट के अलावा कछला गंगाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।तीर्थनगरी में राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली सहित समीपवर्ती जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए सुबह ब्रह्मुहूर्त से ही हरि की पौड़ी में गंगास्नान आरंभ कर दिया। लहराघाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे। गंगा स्नान से पूर्व श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार कराकर तीर्थपुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्म शांति के लिए पूजन अनुष्ठान कराया। तीर्थपुरोहितों को दान दक्षिणा देकर व गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा की। तीर्थनगरी के भागीरथी गंगा घाट, लाल घाट, वराह घाट, राजा वाले घाट, श्याम वराह घाट , सोमेश्वर घाट, लक्ष्मणजी घाट, बरी वाले घाट, लठ्ठा वाले घाट पर नजर आईं। श्रद्धालुओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पैरावनी की। हरि नाम का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग में बैठे गरीब निर्धनों को वस्त्र अनाज आदि का दान किया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया एवं अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि का आशीष मांगा। श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर दरबार, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा कृष्ण, गंगा माता, पंच महाशक्ति आदि मंदिरों में भी दर्शन पूजन किए। श्रद्धालु योगमार्ग स्थित संतों के आश्रम महेश दयानंद सोहम आश्रम, प्रेमी बाबा आश्रम, भक्त आश्रम, अमृतानंद आदि आश्रमों में भी पहुंचे जहां संतों के लिए श्रद्धालुओं द्वारा अन्न क्षेत्र का आयोजन किया गया।