इनर रिंग रोड पर प्रदर्शन के दौरान किसान
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर कई जगह लाठी बरसाए जाने और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के विरोध में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने इनर रिंग रोड पर प्रदर्शन किया। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। किसानों ने यहां डेढ़ प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद वहां से हटे, तब जाकर यातायात खुल सका।
करीब 11 बजे मंडल अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसान, महिलाएं इनर रिंग रोड टोल प्लाजा पर पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। विपिन यादव ने कहा कि देशभर के किसान संगठन किसान बिल के विरोध में दिल्ली में धरना देने जा रहे हैं। उन पर केंद्र सरकार लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले, पानी की बौछार कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पहुंचीं उप जिलाधिकारी प्रियंका सिंह व क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। मौके पर बॉबी यादव, प्रदीप शर्मा, गोविंद ठाकुर, राम लाल यादव, हाकिम सिंह ,सुरेश ठाकुर, मुन्नालाल, गिर्राज सिंह, सत्यप्रकाश, अमर सिंह, ओमवती, राजकुमार, सौरव यादव, नत्थू सिंह, जितेंद्र सिंह, नेकराम आदि मौजूद रहे।