किसानों का धरना 47 वें दिन भी जारी, प्रशासन व रेलवे पर उदासीनता का आरोप
अछनेरा। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत नागर में चकरोड संख्या 24 को कीठम–भांडई बाईपास रेल लाइन के निर्माण के दौरान बंद किए जाने से आक्रोशित किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 47वें शनिवार को भी जारी रहा। रेलवे एवं जिला प्रशासन मौन बना हुआ हैं। किसानों की मांग है कि चकरोड बंद होने से पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
किसान-मजदूर नेता चौ. दिलीप सिंह ने कहा कि रेलवे व जिला प्रशासन की अनदेखी और चुप्पी के कारण किसानों में आक्रोश है। यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसानों का कहना है कि चकरोड बंद हो जाने के कारण खेतों तक पहुंचने के लिए चार से पांच गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। धरने पर दीवान सिंह मेजर, बलवीर सिंह, सुखपाल नरवार, मेंबर सिंह, राहुल, नवली, गीतम सिंह, रामू, मुकेश चौधरी, भूरा नरवार आदि मौजूद रहे।