कासगंज। जिले में धान किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने धान की खरीद के लिए 15 केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर पंजीकरण के बाद किसान धान बेचकर सरकारी समर्थन मूल्य योजना का लाभ ले सकेंगे।
जिले में बड़ी संख्या में किसान धान की खेती करते हैं। इस बार 17 हजार हेक्टेयर में धान की खेती की गई है। लेकिन बारिश कम होने से किसानों को अपने संसाधनों से फसल की सिंचाई करनी पड़ी है। जिले में अभी फसल को तैयार होने में समय है, लेकिन सरकार के निर्देश के बाद तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों को सरकारी खरीद योजना का लाभ दिलाने के लिए तीन सरकारी एजेंसियों ने अपनी रुचि दिखाई है।
इन एजेंसियों ने 15 खरीद केंद्र खोलने के लिए जिला प्रशासन को अपनी स्वीकृति दी है। वहीं जिलाधिकारी ने इन एजेंसियों के केंद्रों के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। अब ये एजेंसियां अपने केंद्रों पर 1 अक्टूबर से खरीद कर सकेंगी। इससे पहले इन एजेंसियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करनी होंगी। कारोना संकट को ध्यान में रखते हुए सैनिटाइजर आदि का भी इंतजाम रखना होगा।
इन स्थानों पर होगी धान की खरीद
खाद्य विभाग : मंडी परिसर, पीडीएस गोदाम सोरों, पीडीएस गोदाम सहावर, पीडीएस गोदाम अमापुर, पीडीएस गोदाम पटियाली, पीडीएस गोदाम गंजडुंडवारा, पीडीएस गोदाम सिढ़पुरा
पीसीएफ : क्षेत्रीय सहकारी समिति सोरों, क्षेत्रीय सहकारी समिति सहावर, क्षेत्रीय सहकारी समिति पटियाली, क्षेत्रीय सहकारी समिति थाना दरियावगंज, क्षेत्रीय सहकारी समिति गंजडुंडवारा, क्षेत्रीय सहकारी समिति नवाबगंज नगरिया, क्षेत्रीय सहकारी समिति सिढ़पुरा
भारतीय खाद्य निगम : कासगंज मंडी परिसर
खरीद के लिए ये हैं मानक
संघटक अधिकतम सीमा प्रतिशत में
अकार्बनिक पदार्थ 1,
कार्बनिक पदार्थ 1
क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित, धुने 5
अपरिपक्व, संकुचित, सिकुडे़ दाने 3
अधोमानक प्रजाति का अपमिश्रण 6
नमी 17
धान खरीद के लिए जिले में 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। तीन एजेंसियों ने खरीद में अपनी रुचि दिखाई है। खरीद के लिए इन केंद्रों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैैं। - विजय कुमार शुक्ला, अपर जिला खरीद अधिकारी।