किरावली के गांव करहारा में थाली बजाकर किया प्रदर्शन आज तीसरे दिन जारी रहा तथा शुक्रवार को लेटकर
किरावली। क्षेत्र की प्रमुख और ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विकासखंड अकोला के ग्राम करहारा में चल रहा धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (भारत) के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में किसानों ने बुधवार को थाली बजाकर सोए हुए प्रशासन को जगाने का प्रयास किया।
धरनास्थल पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकोला के अधीक्षक डॉ. के.के. शर्मा और लघु सिंचाई विभाग के इंजीनियर वीरेंद्र सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पुष्पेंद्र चौधरी से वार्ता की। गांव के तालाब की खुदाई सहित अन्य विभागीय कार्यों को जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया। वहीं पुष्पेंद्र चौधरी ने तहसील प्रशासन के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के न पहुंचने पर गहरा रोष व्यक्त किया। यूनियन के नेता पुष्पेंद्र चौधरी ने बताया जब तक उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। शुक्रवार को सभी किसान जमीन पर लेटकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। धरना देने वालों में नेत्रपाल सिंह, दिलीप सिंह, दलवीर सिंह, हम्मीर सिंह, रज्जो नेताजी, हरिवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, बनवारी लाल और मानसिंह बघेल मौजूद रहे।