मैनपुरी। कस्बा बिछवां में रविवार की शाम खेत में पानी लगा रहे किसान को सांप ने डस लिया। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां कुछ देर उपचार के बाद मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बिछवां क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय किसान राम सुरेश रविवार की शाम को खेत पर गए थे। वहां लगे सबमर्सिबल से वह फसल में पानी लगा रहे थे। तभी उन्हें सांप ने डस लिया। सांप के डसने के कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। आनन फानन परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने उपचार शुरू कर दिया। कुछ देर बाद राम सुरेश ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद बिछवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संंस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद मृतक किसान के घर में चीख पुकार मची है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।