हादसे के बाद ग्रामीणों ने जाम किया मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। नौहझील-गोमत मार्ग पर एक किसान को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगाकर काफी देर तक हंगामा किया।
हादसा गांव कोलाहर के समीप हुआ। गांव निवासी 48 वर्षीय किसान हरीसिंह पुत्र पूरन सिंह सुबह खेत की ओर जा रहे थे। जब वो नौहझील-गोमत मार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़ चालक फरार हो गया।
ट्रक के पहिये के नीचे हरीसिंह दब गए। इससे किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा इतना वीभत्स था कि मंजर देखकर लोग सन्न रह गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
सूचना मिलते ही फोर्स के साथ पुलिस अफसर घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद वे लोग मार्ग से हटे। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग जाम रहा। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।