आगरा में तीन साल से अटकी भूमि पैमाइश की शिकायत का समाधान होने पर किसान रामप्रकाश ककोड़े लेकर डीएम मनीष बंसल का आभार जताने पहुंचे। 6 जुलाई को शिकायत मिलने पर डीएम ने राजस्व निरीक्षक को फटकार लगाई थी, जिसके बाद किसान की जमीन की पैमाइश करा दी गई।
आगरा कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान शुक्रवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब तहसील बाह के बसई अरेला निवासी किसान रामप्रकाश थैले में जंगली ककोड़े लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल का आभार जताने पहुंचे।
विज्ञापन
किसान की भूमि पैमाइश का मामला पिछले 3 वर्षों से अटका हुआ था। 6 जुलाई को तहसील बाह के संपूर्ण समाधान दिवस में उसने शिकायत की थी कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल टालमटोल कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित राजस्व निरीक्षक को फटकार लगाते हुए जवाब-तलब किया था। तत्काल हुई कार्रवाई के बाद किसान की जमीन की पैमाइश हुई तो शुक्रवार को वह कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान डीएम से मिलने पहुंच गया।
किसान ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए साथ लाए ककोड़े भेंट करने की इच्छा जताई, जिसे देखकर डीएम भी मुस्कुरा दिए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इस मामले के निस्तारण के साथ ही जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि तहसील दिवस और जनता दर्शन में आने वाली चकरोड अतिक्रमण, भूमि पैमाइश जैसी शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।