मैनपुरी। किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को पावर हाउस में धरना दिया। जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत ने कहा सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही है। किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। मांगें पूरी कराने के लिए किसान यूनियन आंदोलन करेगी।
सोमवार को किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पावर हाउस पहुंचे। किसानों ने पावर हाउस में धरना दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। एक देश, एक कानून और एक देश एक मंडी की बात करने वाली सरकार किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं कर पा रही है। किसानों को खेती के लिए खाद, बीज, बिजली, पानी नहीं मिल रहा है। बिजली चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
देहात में रोस्टर के हिसाब से बिजली नहीं मिलने से किसानों की फसलें सूख रही हैं। उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। केंद्र सरकार के बनाए गए कानून से किसानों को नुकसान होगा। इस कानून का लाभ पूंजीपतियों को ही होगा। किसान बदहाल और पूंजीपति मालामाल होगा। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली फ्री दी जानी चाहिए। धरने के बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभिंयता को दिया गया। किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को भी ज्ञापन दिया। इस मौके पर योगेंद्र प्रसाद दुबे, राजा ठाकुर, ओमप्रताप दीक्षित, उदयवीर यादव, रामनरेश पाल, अनुज यादव, मुकेश राजपूत, नरेंद्र यादव, कमलेश कश्यप, गणेश राजपूत, राजेश राजपूत, रामप्रताप, ओमवीर सिंह, चरन सिंह यादव, मनोज कुमार, शेरसिंह शाक्य, रूपेंद्र शाक्य मौजूद रहे।