बाह: सड़क हादसे में मृतक किसान आदेश शर्मा
बाह। जैतपुर के कान्धरपुरा गांव के किसान आदेश शर्मा (45) की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार शाम 7 बजे करीब वह फसल रखवाली को खेत पर जा रहे थे, तभी मिट्टी ढोने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंद दिया।
कान्धरपुरा के आदेश शर्मा छुट्टा मवेशी से फसल की रखवाली के लिए घर से पैदल ही खेत पर जाने को निकले थे। हनुमान मंदिर से 300 मीटर की दूरी पर थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंद दिया। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन आदेश शर्मा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर जैतपुर पुलिस दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली एवं चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। मृतक ने अपने पीछे बेटी नेंसी, मनू, निकिता तथा एक बेटे को छोड़ा है। पति का शव देख पत्नी मंजू सुधबुध खो बैठी है। उनके सामने तीन बेटियों की शादी एवं बेटे की परिवरिश की पहाड़ सी चुनौती खड़ी है। गांव शोक में डूबा है। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।