कासगंज। शहर के समीपवर्ती गांव में भिटौना में शनिवार की सुबह बिजली का हाईटेंशन तार टूट कर खेत में गिर गया। इससे मक्का की फसल की निराई कर रहे किसान की तार की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई। वहीं उसे बचाने के दौरान उसकी पत्नी भी झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जर्जर विद्युत लाइनों को लेकर ग्रामीणाें में आक्रोश है।गांव भिटौना निवासी समी अख्तर ने बताया कि उसके भाई निजामुद्दीन (65) अपनी पत्नी समीना के साथ शनिवार की सुबह मक्का की फसल की निराई करने खेत में गए थे। उसी समय खेत के ऊपर होकर जा रही बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। इससे खेत में काम कर रहे निजामुद्दीन की करंट की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। पति को बचाने के प्रयास में समीना भी करंट की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में परिजन निजामुद्दीन और उसकी पत्नी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने निजामुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। परिजन ने फोन कर जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पत्नी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।