ईशन नदी में डूबने से किसान की मौत
- सिंचाई के लिए लेजम बिछाते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुसमरा। खेत में फसल को सिंचाई के लिए नलकूप से खेत तक लेजम(पानी का पाइप) बिछाने के दौरान पैर फिसल जाने से किसान नदी में डूब गया। जब तक लोगों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। सोमवार की देर शाम चौकी क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर निवासी लालू (45) ऊंचा इस्लामाबाद स्थित अपने खेत में खड़ी फसल की सिंचाई के लिए नलकूप से खेत तक पानी ले जाने के लिए लेजम (प्लास्टिक का पाइप) खेतों में बिछा रहा था। तभी ईशन नदी किनारे पैर फिसल जाने से वह नदी में डूब गया। जानकारी होने पर जब तक परिजन ने बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।