कस्बा निवासी एक किसान का शव रविवार की सुबह बबूल के पेड़ पर गले में रस्सी कसी हालत में मिला। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र निवासी किसान श्याम पाल (45) अपने खेत पर गेहूं की कटाई करने के लिए गया था। सुबह जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए तो देखा कि किसान का शव पेड़ की पतली डाल के पास टिका हुआ था। गले में पतली रस्सी बंधी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन ने आशंका जताई की श्याम पाल ने खुदकुशी नहीं कि है बल्कि उनके साथ कोई अनहोनी हुई है। ग्रामीण भी दबी जुबान से हत्या किए जाने की बात कह रहे थे। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने क्षेत्र में आसपास जांच पड़ताल की। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।