आगरा के एत्मादपुर में तीन दिन से गढ़ी छहजीत गांव के पास खेत में टूटी पड़ी विद्युत लाइन के तार से करंट की चपेट में आने से बुधवार को एक किसान की मौत हो गई। बचाने दौड़ा बेटा भी झुलस गया।
परिजनों के मुताबिक ग्राम पंचायत चावली के गांव गढ़ी छहजीत के किसान राजपाल चौहान (45) बुधवार को खेत में चारा काटने गए थे, तभी खेत के चारों ओर मवेशियों से फसल बचाने के लिए लगे तार में करंट आ गया। राजपाल उससे चिपक कर जमीन पर गिर गए। उन्हें बचाने दौड़ा बेटा मोहित को करंट लगने से झुलस गया।
हादसा देख आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को तार से हटाया। दोनों को परिजन और गांववाले अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने राजपाल को मृत घोषित कर दिया। शव को लेकर गांव पहुंचे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।
उनका कहना था विद्युत विभाग की लापरवाही से किसान की जान चली गई। घरवालों ने बताया कि तीन दिन पहले तार टूटने की सूचना चावली बिजलीघर पर दी थी, लेकिन तार ठीक करने कोई नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
वहीं घटनास्थल पर एसडीएम सुमित कुमार सिंह भी पहुंच गए। एसडीएम सुमित सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किसान दुर्घटना के तहत 5 लाख रुपये की राशि परिवार को दी जाएगी। वही, एसडीओ (विद्युत) प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। विभाग की तरफ से मृतक के परिवार को राहतराशि भी दिलाई जाएगी।